जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय कोरट सहित पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज प्राथमिक विद्यालय कोरट का औचक निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में उपस्थित बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यालय में बाउंड्रीवॉल का निर्माण नहीं होने पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए तत्काल स्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र कराया जा सके।

विद्यालय की कंप्यूटर लैब के निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर अव्यवस्थित पाए गए तथा साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कंप्यूटर लैब की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा सभी कंप्यूटरों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने पंचायत भवन कोरट का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन में कार्यरत कंप्यूटर सहायक से वहां संचालित कार्यों एवं जनसुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पंचायत भवन एवं उसमें संचालित सीएससी जनसेवा केंद्र के भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को भवन की रंगाई-पुताई एवं समुचित सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए, जिससे भवन स्वच्छ, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित दिखाई दे।

जिलाधिकारी ने इसके बाद समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र कोरट का भी निरीक्षण किया। केंद्र में कराए जा रहे सुंदरीकरण एवं रंगाई-पुताई के कार्यों को और बेहतर तरीके से कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र को आकर्षक एवं स्वच्छ बनाया जाए तथा परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं।

खनन न्यूज़-आयकर विभाग की जांच, खनन पट्टों की ड्रोन कैमरों और सेटेलाइट से खदानों की जियो-मैपिंग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *