प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों को समझे, शासन की मंशा तथा प्राथमिकता के अनुरूप कार्य करे-मुख्यमंत्री

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी लखनऊ-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों को समझे। शासन की मंशा तथा प्राथमिकता के अनुरूप कार्य करे। शासन के कार्यों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाए। आकांक्षात्मक विकास खण्डों में सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों को नियमित जन सुनवाई व संवाद करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री आज जनपद अम्बेडकरनगर में सम्पन्न एक बैठक में विकास कार्यां तथा कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में ग्रामीण क्षेत्रों मे अधिकतम 24 घण्टे तथा शहरी क्षेत्रों में अधिकतम 12 घण्टे के अंदर ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी को विद्युत आपूर्ति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) के अंतर्गत समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा इस योजना के तहत किए गए रोड कटिंग के कार्यों को शत प्रतिशत ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं के टीकाकरण तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। सम्बन्धित विभाग द्वारा मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण करा दिया गया है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोई भी पशु सड़क पर घूमता न मिले। पशु आश्रय स्थलों में पशुओं के लिए हरा चारा, साफ-सफाई तथा अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान दें।
मुख्यमंत्री जी ने संचारी रोग नियन्त्रण अभियान के तहत मलेरिया, डेंगू आदि पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जागरूकता अभियान चलाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि फॉगिंग एवं एंटी लार्वा के छिड़काव आदि की तैयारी पूर्व से ही कर ली जाए। जनपद के अवशेष परिषदीय विद्यालयों को शीघ्र ही ऑपरेशन कायाकल्प के सभी मानकों से आच्छादित किया जाए। प्रत्येक विद्यालय में शिक्षक-छात्र अनुपात को ठीक किया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विद्यालयों का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए।

देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को श्रद्धापूर्वक नमन

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण मार्गों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए। मेडिकल कॉलेज की कार्य पद्धति को ठीक किया जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा की जाए। जिन तहसीलों में अग्निशमन केंद्र नहीं है, वहां के प्रस्ताव प्रेषित किए जाएं। पी0एम0 सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। समस्त नगर निकायों/नगर पंचायतों में स्वच्छता के साथ-साथ नगरीय जीवन से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं यथा ड्रेनेज, आवागमन आदि की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी निकायों में कूड़ा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सचिवालय के कार्यक्रमों को क्रियाशील किया जाए। गांव में साप्ताहिक चौपाल लगाकर समस्याओं का निदान सुनिश्चित किया जाए। समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाए। राजस्व वादों, पैमाइश, वरासत एवं भूमि उपयोग से सम्बन्धित प्रकरणों को मिशन मोड में निस्तारित किया जाए। बाढ़ प्रबन्धन की तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित की जाएं। बाढ़ प्रभावित परिवारों को दी जाने वाली राहत सामग्री की मात्रा तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाए। इस कार्य से स्वयंसेवी संगठनों को भी जोड़ा जाए। आगामी 09 अगस्त को समारोहपूर्वक काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव मनाया जाए। मुख्यमंत्री जी ने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि थानों में टॉप-10 अपराधियों की सूची लगाई जाए तथा नकल माफिया, पशु, खनन तथा भूमाफिया आदि पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। भय मुक्त वातावरण बनाए रखें एवं महिलाओं की सुरक्षा को शीर्ष प्राथमिकता दी जाए। एंटी रोमियो स्क्वॉयड को क्रियाशील किया जाए।

आलोक रंजन का राज्यसभा जाना यूपी की प्रगति में साबित होगा माइलस्टोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आई0जी0आर0एस0 एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को शीर्ष प्राथमिकता प्रदान की जाए। त्रिनेत्र अभियान का सफल क्रियान्वयन किया जाए। इसे प्रत्येक निकाय एवं ग्राम पंचायत तक पहुंचाया जाए।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री  ने पटेल चौक पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
समीक्षा के दौरान जनपद के सर्वांगीण विकास हेतु जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे अभिनव प्रयासों एवं उपलब्धियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। उनके समक्ष विकास खंड कटेहरी में लगभग 600 बीघा में फैले साइबेरियन पक्षियों के हब दरवन झील के सौंदर्यीकरण, विकासखंड टांडा स्थित पुंथर झील (क्षेत्रफल लगभग 96 बीघा) का पिकनिक स्पॉट के रूप में विकास/सौंदर्यीकरण, आम जनमानस के भीतर देशभक्ति की भावना जागृत करने तथा उन्हें सेना के प्रति आकृष्ट करने, चौराहों पर कारगिल विजय दिवस के शहीदों की मूर्तियां लगाने, वीर शहीदों एवं उनके परिवारजनों को समर्पित चौक/चौराहों का सौंदर्यीकरण, प्रदेश के सबसे लम्बे (3.1 कि0मी0) जगदीशपुर कपिलेश्वर अमृत सरोवर के विकास कार्यों आदि का प्रस्तुतीकरण किया गया।

उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में जनपद अंबेडकरनगर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गयी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन कायाकल्प, स्कूल चलो अभियान, निपुण भारत मिशन, वृक्षारोपण अभियान-2024, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (लखपति दीदी), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पंचायती राज विभाग, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अन्तर्गत संचालित जल जीवन मिशन (हर घर जल) के कार्यों की समीक्षा की।

उ०प्र० खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 से उद्यमियों को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री द्वारा पशु टीकाकरण एवं ईयर टैगिंग, निराश्रित गोवंश संरक्षण, ओ0डी0ओ0पी0 ऋण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, आई0जी0आर0एस0 निस्तारण, राजस्व वादों की स्थिति, बाढ़ की तैयारी, जनपद में प्रदेश व राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाएं, औद्योगिक गलियारा परियोजना (पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एवं गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे), धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वीकृत की गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं सहित विभिन्न विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक डॉ0 हरिओम पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना श्री संजय प्रसाद तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *