मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ हुई बैठक

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी लखनऊ-उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में आज विधान परिषद के खण्ड स्नातक के 05 एवं खण्ड शिक्षक के 06 निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर (मण्डलायुक्त) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (जिलाधिकारी) के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
श्री रिणवा ने मतदाता सूची, मतदान स्थल, मतदान कार्मिकों, निर्वाचन सामग्री तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी व्यवस्थाओं में समन्वय बनाए रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह उपस्थित रहे।









