सोनभद्र में 13 से 16 अगस्त तक भारी वर्षा की संभावना

मीडिया हाउस सोनभद्र – भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मानसूनी सक्रियता में वृद्धि के कारण आगामी दिनों में प्रदेश में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। जनपद सोनभद्र में 13 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही 13 एवं 14 अगस्त को मेघगर्जन/वज्रपात की संभावना अधिक बताई गई है।
आईएमडी के अनुसार 13 अगस्त को सोनभद्र में भारी वर्षा तथा मेघगर्जन/वज्रपात की अधिक संभावना, 14 अगस्त को भी भारी वर्षा एवं वज्रपात की संभावना है। 15 एवं 16 अगस्त को भी जनपद में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
जनपद में संभावित भारी वर्षा के दृष्टिगत निचले क्षेत्रों में जलभराव, मौसमी नदी-नालों एवं जलस्रोतों के जलस्तर में अचानक वृद्धि, कच्चे एवं असुरक्षित मकानों/ढांचों को क्षति, विद्युत व्यवस्था में व्यवधान तथा सड़क यातायात में व्यवधान की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।
– तेज वर्षा के दौरान निचले क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों एवं मौसमी नदी-नालों से दूर रहें।
– नदी, नाला, रपटे अथवा पुलिया के ऊपर पानी का तेज बहाव होने पर उसे पार करने का प्रयास न करें।
– गड्ढों, पोखरों, तालाबों एवं ऐसे जलस्रोतों में न नहाएं, जिनमें बाहर से वर्षा का पानी आ रहा हो।
– कच्चे, जर्जर एवं असुरक्षित मकानों/ढांचों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
– भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
– जलभराव वाले मार्गों पर वाहन न उतारें और प्रशासन द्वारा जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।
– वर्षा के दौरान बिजली के तारों, खंभों तथा क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों से दूर रहें।
वज्रपात से बचाव के लिए विशेष सावधानी
मेघगर्जन या आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्र, नदी/तालाब के किनारे अथवा पेड़ के नीचे खड़े न रहें। सुरक्षित पक्के भवन के अंदर रहें तथा खिड़की-दरवाजे बंद रखें। बिजली की गड़गड़ाहट सुनाई देने पर संभव हो तो यात्रा स्थगित करें। आईएमडी ने वज्रपात की स्थिति में पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने तथा बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग करने की सलाह दी है।
किसानों से अपील भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें। जलभराव की स्थिति में अतिरिक्त पानी की निकासी करें तथा भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक कृषि कार्य एवं रासायनिक दवाओं के छिड़काव से बचें। आईएमडी ने विभिन्न खरीफ फसलों में जलभराव से होने वाले नुकसान से बचाव हेतु जल निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है। जनपदवासियों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं निर्देशों का पालन करें।








