गेंद प्रबंधन के पाले में, या तो मजदूरों को उनका अधिकार दें या प्लांट को हड़ताल में झोंक दें : राजेन्द्र सिंह 

05 सितम्बर को सेल के 3 विभाग का चक्का जाम करने का ऐलान 

मीडिया हाउस न्युज एजेंसी बोकारो : सेल/बोकारो इस्पात संयंत्र के कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस तथा ट्रैफिक विभाग में प्रस्तावित 05 सितम्बर 2025 के हड़ताल को सफल बनाने को लेकर क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ सम्बद्ध हिन्द मजदूर सभा की विशाल सभा कोक-ओवन कैंटीन नंबर वन में की गई। सभा में प्रबंधन के खिलाफ मजदूरो का आक्रोश चरम पर रहा। सभा को संबोधित करते हुए संघ के महामन्त्री सह-सदस्य एनजेसीएस राजेंद्र सिंह ने कहा कि सेल और बोकारो प्रबंधन निरंकुशता की सारी हदों को पार कर चुका है। निम्न से शीर्ष स्तर तक भ्रष्टाचार में डूबे अधिकारी तानाशाह बन चुके हैं। हक और अधिकार के लिये मजदूर 05 सितम्बर को हड़ताल की घोषणा कर अपना पक्ष तय कर चुके हैं, अब गेंद प्रबंधन के पाले में है या तो मजदूरों को उनका अधिकार दें या राष्ट्र के गौरव का प्रतीक बोकारो स्टील प्लांट को हड़ताल में झोंक दें । इनकी टालमटोल और वादाखिलाफी से मजदूरो का आक्रोश चरम पर पहुँच गया है। ये लगातार लगभग एक वर्ष से मजदूरो को गुमराह करते रहे हैं कि हम जल्द हीं ईएसआईसी की सीमा से बाहर हो चुके स्किल्ड मजदूरो के परिवार सहित ईलाज की वैकल्पिक व्यवस्था करेंगें मगर आज भी वही ढाक के तीन पात। ईलाज और संसाधन के अभाव में मजदूर मर रहें हैं।मजदूरो की पीड़ा और चित्कार इनके लिये मनोरंजन का साधन बन चुका है।ना कोई प्रमोशन पाॅलिसी, ना नाइट शिफ्ट एलाउंस, शिक्षा के हब में ठेका मजदूर के बच्चो की शिक्षा भगवान भरोसे, भारत सरकार का उपक्रम होने के बावजूद ग्रेच्युटी पर भारत सरकार के कानून की धज्जियाँ उड़ाई जा रही है।मतलब मजदूर सिर्फ उत्पादन का विषय है,उनके समाजिक और आर्थिक सुरक्षा और सम्पन्नता से ना तो बोकारो प्रबंधन का कोई सरोकार है ना हीं सेल प्रबंधन पर इन बातो से कोई फर्क पड़ता है। अब बहुत हुआ न्याय, हक और अधिकार के संघर्ष में मजदूर आर-पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं। अगर 03 सितम्बर को माननीय सहायक श्रमायुक्त की बैठक मजदूरो की मांगो पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो 05 सितम्बर प्रातः 06:00 बजे से कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस तथा ट्रैफिक विभाग में एकसाथ मजदूर काम बंद कर पूर्ण हड़ताल पर रहेंगे। सभा को श्री सिंह के अलावे सुभाषचंद्र कुम्भकार, शशिभूषण,जुम्मन खान,दुर्गेश कुमार, सुरज कुमार, नागेंद्र कुमार, अभय शर्मा, हरेराम, सुमन पासवान, अमित यादव,उज्जवल कुमार, चुन्नु मिश्रा,अक्षय कुमार,राजेश महतो,ने संबोधित किया।

11 को कोलकाता से खुलेगी पर्यटक ट्रेन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *