नगर सृजन योजना, नगरीय निकायों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों की समीक्षा बैठक

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी सोनभद्र-जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत जनपद के नगरीय निकायों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहित नवसृजित एवं विस्तारित नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी, संबंधित अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता तथा जिला उद्यान अधिकारी समिति के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नगर पालिका परिषद सोनभद्र तथा नगर पंचायत रेनुकूट, अनपरा, डाला बाजार, ओबरा एवं चोपन द्वारा तैयार की गई कार्ययोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रस्तावों का बिंदुवार परीक्षण करते हुए योजनाओं की व्यवहारिकता, जनोपयोगिता एवं भविष्य की आवश्यकताओं के दृष्टिगत आवश्यक सुझाव दिए। समीक्षा के दौरान नगर पंचायत चोपन, ओबरा एवं रेनुकूट द्वारा प्रस्तुत कार्ययोजनाओं को संतोषजनक पाते हुए उन्हें नगरीय निदेशालय को प्रेषित किए जाने योग्य माना गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन प्रस्तावों के संबंध में अग्रिम कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए ताकि विकास कार्यों को शीघ्र गति प्रदान की जा सके। वहीं नगर पालिका परिषद सोनभद्र, नगर पंचायत डाला बाजार एवं अनपरा द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों का अवलोकन करने के उपरांत जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए कहा कि नगरीय विकास की नई अवधारणा के अनुरूप कम से कम 500 मीटर सड़क अवसंरचना को यूटिलिटी डक्ट प्रणाली के साथ विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में बार-बार सड़क खुदाई की आवश्यकता समाप्त करने तथा विद्युत, पेयजल, दूरसंचार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए यह व्यवस्था अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं दूरदर्शी बनाने हेतु अनुभवी वास्तुविदों एवं तकनीकी विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि नगरों के समग्र एवं सुनियोजित विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों का पुनरीक्षण कर संशोधित कार्ययोजना तत्काल प्रस्तुत की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी नगरीय निकायों में आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं जनहितकारी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।










