पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों एवं प्रभावी पुलिसिंग को लेकर चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी सोनभद्र-पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जनपद के समस्त चौकी प्रभारियों के साथ लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा चौकी स्तर पर लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि चौकी प्रभारी अपने पास लंबित विवेचनाओं एवं आंशिक रूप से लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही जनशिकायतों से संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों, चौकी पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों तथा आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित संदर्भों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्रवाई पूर्ण की जाए।
गोष्ठी में चौकी प्रभारियों द्वारा की गई कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम एवं एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्रवाई, एनबीडब्ल्यू वारंटों में गिरफ्तारी की प्रगति, यक्ष ऐप पर की गई फीडिंग, ई-साक्ष्य/एसआईडी पोर्टल पर अद्यतन प्रविष्टियों एवं माह में किए गए सराहनीय कार्यों की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों का गहन परीक्षण करते हुए विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न होने पाए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्यवाही करते हुए पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने हेतु सभी चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन श्री ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल श्री राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी ओबरा श्री अमित कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय उपस्थित रहे।










