वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, वाराणसी खण्ड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि वाराणसी खण्ड स्नातक एवं वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 06 दिसंबर, 2026 को समाप्त होने के कारण रिक्त होने वाली सीटों को भरने हेतु निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य आशुतोष सिन्हा तथा वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य लाल बिहारी यादव का कार्यकाल 06 दिसंबर, 2026 को समाप्त हो रहा है। निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर, 2026 को जारी होगी। नाम निर्देशन हेतु अंतिम तिथि 06 अक्टूबर, 2026, नाम निर्देशनों की संवीक्षा 07 अक्टूबर, 2026 तथा नाम वापसी हेतु अंतिम तिथि 09 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक मतदान होगा। 27 अक्टूबर, 2026 को मतगणना की जाएगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण करा ली जाएगी। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जनपद सोनभद्र में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं संबंधित प्रावधानों के अनुसार आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का सभी संबंधितों द्वारा अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।










