उचित दर विक्रेताओं का लाभांश रूपया 90 से बढ़कर रूपया 125 प्रति क्विंटल, प्रदेश सरकार के निर्णय पर जताया आभार

मीडिया हाउस सोनभद्र – उचित दर विक्रेता संघ, सोनभद्र के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से भेंट कर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में रूपया 35 प्रति क्विंटल की वृद्धि करते हुए रूपया 90 से बढ़ाकर रूपया 125 प्रति क्विंटल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मा० खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।
उचित दर विक्रेता संघ ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उचित दर विक्रेता गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा लाभांश में की गई यह वृद्धि उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके सेवा कार्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता एवं सम्मान को भी प्रदर्शित करती है।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि लाभांश में वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों को मजबूती मिलेगी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहयोग मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विशेष कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही मा० खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उचित दर विक्रेताओं के हितों एवं समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए लिया गया यह निर्णय उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।










