जनसुनवाई में मिला संबल, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल से आत्मनिर्भरता की राह हुई आसान

मीडिया हाउस सोनभद्र – जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचे दोनों पैरों से दिव्यांग दो व्यक्तियों के लिए मंगलवार का दिन उस समय खास बन गया, जब जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने उनकी आवागमन संबंधी कठिनाई को देखते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल एनटीपीसी के सीएसआर फंड से उपलब्ध कराई गई। ग्राम डुमरडीहा, तहसील दुद्धी निवासी दिनेश कुमार पुत्र शंकर तथा ग्राम बाघोर, करमा, तहसील रॉबर्ट्सगंज निवासी प्रिंस एंटनी पुत्र राम प्रसाद दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। इसके कारण उन्हें आवागमन एवं दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने उनकी आवश्यकता को देखते हुए दोनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की।
मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलते ही दोनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने इस सहयोग के लिए शासन, जिला प्रशासन एवं एनटीपीसी के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस सुविधा से अब उनके दैनिक आवागमन में सहूलियत होगी तथा वे अपने आवश्यक कार्य अधिक सहजता और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेंगे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाओं एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन को सुगम, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है










