दो दिवसों में 2400 किलोग्राम चौसा और आम्रपाली आम यूपी से हुआ यूके रवाना

मीडिया हाउस लखनऊ – भारत-यूके ceta के प्रभावी होने से उत्तर प्रदेश के बागबानों के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। योगी सरकार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश के प्रसिद्ध आम्रपाली आम को अब लंदन के बाजार में नई पहचान मिलने जा रही है। शनिवार को 1200 किलोग्राम आम्रपाली आम की निर्यात खेप को अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग बी.एल. मीणा ने उद्यान निदेशालय, लखनऊ से हरी झंडी दिखाकर लंदन के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर बी.एल. मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार किसानों एवं बागबानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि एवं उद्यान उत्पादों के निर्यात को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। प्रदेश के गुणवत्तापूर्ण फलों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रभावी रणनीति पर कार्य किया जा रहा है, जिससे बागबानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि एपीडा के प्रयासों तथा उद्यान विभाग के सहयोग से उत्तर प्रदेश के आमों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग लगातार बढ़ रही है। निर्यात के बढ़ते अवसरों से प्रदेश के बागबानों को बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की पहचान वैश्विक फल बाजार में और मजबूत हो रही है। दो दिवसों में 2400 किलोग्राम चौसा और आम्रपाली आम यूपी से यूके भेजा गया है। इस अवसर पर उद्यान विभाग एवं एपीडा के अधिकारी तथा संबंधित निर्यातक भी उपस्थित रहे।










