बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु बनाई गई कार्य योजना

मीडिया हाउस सोनभद्र – पुलिस महानिदेशक, महिला सम्मान प्रकोष्ठ, उ0प्र0, लखनऊ के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आज दिनांक 11.06.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क, जनपद सोनभद्र के कांफ्रेंस हॉल में क्षेत्राधिकारी यातायात/लाइन डाॅ0 चारू द्विवेदी की अध्यक्षता में स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (SJPU) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों से संबंधित प्रकरणों, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम (JJ Act) तथा पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत मुकदमों की समीक्षा की गई। साथ ही पॉक्सो मामलों में पीड़ित बालकों/बालिकाओं को समय से बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने, प्रारूप (क) एवं प्रारूप (ख) को पूर्ण एवं सही रूप से भरे जाने, किशोर न्याय बोर्ड से निर्गत सम्मनों की प्रभावी तामिला सुनिश्चित करने तथा सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट को गुणवत्तापूर्ण ढंग से तैयार करने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों द्वारा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
उक्त बैठक में सदस्य बाल कल्याण समिति, डिप्टी सीएमओ (चिकित्साधिकारी), संयुक्त निदेशक अभियोजन, जिला शासकीय अधिवक्ता, जिला बाल संरक्षण इकाई के सदस्य, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट, बाल गृह (बालिका) के प्रभारी, श्रम विभाग, वन स्टॉप सेंटर, थाना एएचटीयू, एसजेपीयू तथा जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बाल संरक्षण से संबंधित प्रकरणों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर बालकों के हितों की रक्षा करना रहा।










